मेरे पास टाईम नहीं है!
बताइये कि क्या आपके पास टाईम है? अगर थोड़ा समय हो तो ये पोस्ट जरूर पूरी पढ़ना!
क्या आपने गौर किया है कि हमारे दैनिक जीवन में कितने लोग हमें ये वक्तव्य देते हैं?:
मेरे पास टाईम नहीं है।
या फिर, "मेरे पास समय का अभाव है, नहीं तो ये कार्य तो मेरे लिए चुटकियों का है।"
ऐसे ही मिलते जुलते अनेक संवाद हमें आमतौर पर सुनने को मिलते हैं। हो सकता है कई बार हम भी ऐसा कहते हों!
खाली समय किसके पास?
इसमें कोई शक नहीं है कि आज सभी का जीवन अत्यंत व्यस्त है। किसी के पास फालतू या अतिरिक्त समय नहीं है। तकनिकी विकास की एक बड़ी देन यह भी है कि किसी के पास यदि गलती से कुछ अतिरिक्त समय बच जाए तो उसको भी खपाने के कई इंतजाम कर दिए हैं जैसे कि टेलीविजन, मोबाईल, इंटरनेट, वीडियो गेम्स, सोशल मिडिया इत्यादि। आखिर किसी के पास खाली समय बच कैसे सकता है?
हम सभी इस बात से भली-भाँती वाकिफ़ है कि सभी को एक दिन में पूरे 24 घंटे का समय ही मिलता है ...न एक पल कम और न ही एक क्षण अधिक! फिर किसी के पास समय कम और किसी के पास ज्यादा कैसे हो सकता है!
समय जुटाने की तरकीब
दरअसल, ऐसा नहीं है कि किसी के पास टाईम की कमी होती है।
क्या जब कोई आपसे यह कहता है कि उसके पास टाईम नहीं है तो क्या आप वाकई ये समझते हैं कि बेचारे के पास सच में समय नहीं है?
अगर उसके पास सच में समय नहीं है तो वाकई वो "बेचारा" है। कई लोगों की जीवन-लीला समाप्त होने को होती है और उन्हें इसका पूर्वाभास हो जाता है तो ये समझ में आता है कि उस व्यक्ति के पास अब समय बहुत सीमित है।
लेकिन शेष व्यक्ति ऐसा कहें तो हमें उनकी बात को शब्दशः नहीं समझना चाहिए।
अगर आप किसी से कोई काम के लिए कहते हैं और वो जवाब में ये कहे कि उसके पास समय नहीं है तो इसका वास्तविक अर्थ यह होता है कि जिस कार्य की आप चर्चा कर रहे हैं वो उस व्यक्ति की प्राथमिकता नहीं है।
हम हमेशा अपने कार्यों को प्राथमिकता और रुचि के मुताबिक पूर्ण करते हैं। जिस कार्य में हमारी अधिक रुचि नहीं होती है या फिर वो हमारी प्राथमिकता नहीं होती है तो वो हमारी सूची में नीचे की ओर सरक जाता है। फिर हम ये जवाब दे देते हैं कि हमारे पास समय ही नहीं है।
यदि आप किसी से कोई कार्य करवाना चाहते हैं और उस व्यक्ति का ये जवाब हो कि उसके पास टाईम नहीं है तो यूं समझें कि आपको उस कार्य का महत्त्व रेखांकित करने और उसमें उस व्यक्ति की रुचि पैदा करवाने की चुनौती मिली है। अगर आप उस कार्य के प्रति उस व्यक्ति की समुचित रुचि पैदा करने में सफल हो सकते हैं या उसे उस व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण बना सकते हैं तो आप अपना वह कार्य उस व्यक्ति से आसानी से करवा सकते हैं।
आपको अपना वांछित कार्य उस व्यक्ति की प्राथमिकता के पैमाने पर सर्वोपरि बनाना है। देखना, फिर उस व्यक्ति के लिए उस कार्य हेतु समय ही समय होगा।