समय का महत्व
समय सदा आगे बढ़ता रहता है,
वायु वेग से वह चलता है।
चाहे जितनी कोशिश कर लें,
समय नहीं रुक सकता है ।
सबसे ज़्यादा समय क़ीमती,
व्यर्थ नहीं खोना इसको।
जिसने इसकी गति नहीं जानी,
समय छोड़ता नहिं उसको।
जो आलस्य में समय बिताते,
पीछे पछताना पड़ता है।
जो महत्व इसको नहीं देते,
उन्हें ही रोना पड़ता है ।
समय बहुत अनमोल है प्यारे,
इसको व्यर्थ गंवाना मत ।
अगर समय को नहिं पहचाना,
जीवन में पछताना मत।
ज्ञानी और वीर पुरुषों ने,
समय बली को पहचाना।
सदुपयोग करके उसका उनने,
बदल दिया तानाबाना।
सूर्य, चंद्रमा और सितारे,
सभी समय पर आते हैं ।
सच्चे समय प्रयोगी बनकर,
सबको सुख दे जाते हैं ।
समय-समय पर जो पढ़ते हैं,
वे ही बड़े बन जाते हैं ।
श्रम के बल पर सदा समय से,
जग में नाम कमाते हैं ।
मेरे प्यारे समय ना खोओ,
गर समय हाथ से निकल गया।
जीवन का विश्वास तुम्हारे,
तार-तार हो टूट गया ।
समय पर उठना, समय पर पढ़ना,
उचित समय में सोना है ।
समय की गति सबसे महान,
समय ही चाँदी सोना है।